मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने महिलाओं की भूमिका को बताया न्याय व्यवस्था की शक्ति

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा / बिलासपुर।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस–2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के यूनिटी ऑडिटोरियम में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 54 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय न्यायाधीशगण एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन के बाद राष्ट्रीय गान तथा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि “न्यायपालिका में महिलाओं की भागीदारी केवल समानता का प्रश्न नहीं है, बल्कि इससे न्याय व्यवस्था अधिक संवेदनशील, संतुलित और सशक्त बनती है।”
समारोह में न्यायमूर्ति रजनी दुबे सहित महिला न्यायिक अधिकारी, महिला अधिवक्ता तथा उच्च न्यायालय में कार्यरत विभिन्न श्रेणी की महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने वर्ष 2026 की थीम “Give to Gain” का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना तथा उन्हें बेंच और बार में समान अवसर प्रदान करना न्यायपालिका, विधि के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को न्यायपालिका में समान अवसर मिलते हैं और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जाता है, तो इसका लाभ केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरे समाज और कानून के शासन को मजबूती मिलती है।
उन्होंने राज्य के उच्च न्यायालय, जिला न्यायालयों, सिविल न्यायालयों तथा विभिन्न विभागों में कार्यरत महिलाओं के समर्पण, बुद्धिमत्ता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रतिबद्धता विधिक क्षेत्र को समृद्ध बनाती है और न्याय को निष्पक्ष व संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को केवल सम्मान का दिन ही नहीं बल्कि समाज में समानता, सुरक्षा और समावेशिता सुनिश्चित करने की सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर बताया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश के मार्गदर्शन में राज्य के सभी जिला न्यायालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस–2026 के अवसर पर न्यायपालिका से जुड़ी विभिन्न श्रेणी की महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्तागण, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news