
तिल्दा खरोरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
खरोरा, 23 मार्च 2026।
पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिवरीनारायण, गिरौदपुरी धाम, तुरतुरिया एवं ग्राम हसुवा जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया।
इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान छात्रों ने विभिन्न स्थलों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक मान्यताओं और प्राकृतिक सौंदर्य के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की, जिससे उनके ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा के बाहर सीखने के अवसर बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं और उनकी जिज्ञासा को बढ़ाते हैं।
वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी होता है। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक अनुभव भी प्राप्त होता है।
सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण से न केवल ज्ञानवर्धन होता है, बल्कि अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है।
इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगणों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए यात्रा को ज्ञानवर्धक और सुरक्षित बनाया। विद्यार्थियों ने भी इस भ्रमण का भरपूर आनंद लिया और इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।
इस अवसर पर प्राचार्य रजनी मिंज, वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन, सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव, योगेंद्र त्रिपाठी, जगदेव सिंह बंजारे, रुपशिखा साहू, अंकृति भिड़े, नदीश साहू, लुकेश्वर उइके, निकिता वर्मा, नीलम वर्मा, कल्याणी साहू, यश अमलानी सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news