Breaking News

सरोरा में राशन संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

Khojkhbarchhattisgarh.com

मार्च माह का राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण, राशन दुकान बंद कराने की चेतावनी

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

तिल्दा-नेवरा (रायपुर)।
ग्राम पंचायत सरोरा सहित आसपास के क्षेत्रों में सरकारी राशन वितरण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। महीनों से राशन नहीं मिलने के कारण गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट गहराता जा रहा है।

सोमवार को ग्राम पंचायत सरोरा में सैकड़ों महिला-पुरुषों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक मार्च माह का राशन वितरण नहीं किया जाता, तब तक राशन दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की योजना के बावजूद उन्हें समय पर चावल नहीं मिल पा रहा है।

इसी कड़ी में सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू के नेतृत्व में पंचगण एवं ग्रामीणों ने तहसीलदार राम प्रसाद बघेल को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में तत्काल राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की गई।

तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि वे फिलहाल अप्रैल माह का राशन प्राप्त कर लें, वहीं मार्च माह का राशन भी शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि खाद्य अधिकारी द्वारा विभाग के मुख्य कार्यालय को पत्र भेज दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले माह भी राशन वितरण में देरी हुई थी और आधे से अधिक राशन कार्ड धारकों को चावल नहीं मिल पाया। सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक, तहसीलदार एवं फूड इंस्पेक्टर को पहले ही अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला है।

वहीं उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन रमेश पात्रे ने सर्वर डाउन होने को वितरण में देरी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या के चलते हितग्राहियों के हस्ताक्षर नहीं हो पाए, जिससे राशन वितरण प्रभावित हुआ।

स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

About Santosh Kumar

Check Also

आदिवासी बनाम वनवासी विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन

Khojkhbarchhattisgarh.com खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता खरोरा, 30 मई 2026। आदिवासी कांग्रेस कमेटी ब्लॉक खरोरा के …