
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता संतोष यदु
तिल्दा-नेवरा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरव एवं समाजसेवी अशोक धीवर “जलक्षत्री” को मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित भव्य इम्पैक्ट इंडिया सम्मिट-2026 में श्रेष्ठ NGO सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें जनसेवा, समाजसेवा, साहित्य सेवा, भाषा संरक्षण, धर्म एवं संस्कृति संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, बाल संस्कार तथा युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि, देश के प्रख्यात हिंदी क्रिकेट कमेंटेटर एवं पद्मश्री सम्मानित सुशील दोषी तथा इम्पैक्ट इंडिया सम्मिट की संस्थापिका ज्योति कुमारी द्वारा प्रदान किया गया।
रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुलसी निवासी अशोक धीवर पेशे से पेंटर, मूर्तिकार और साहित्यकार हैं। लगभग छह वर्ष पूर्व एक दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके कारण उन्हें लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन को समाजसेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया। उसी संकल्प का परिणाम है कि आज उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है।
अशोक धीवर द्वारा संचालित हर्षिता जन सेवा फाउंडेशन समाज के वंचित, पीड़ित और शोषित लोगों को न्याय, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। वे पारिवारिक विवादों में समझौता कराने, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण और बाल संस्कार केंद्रों के संचालन जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
साहित्य के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। वे नवोदित रचनाकारों को कविता लेखन के लिए प्रेरित करते हैं तथा उनकी रचनाओं को राष्ट्रीय स्तर के साझा साहित्यिक संकलनों में स्थान देकर उनका उत्साहवर्धन करते हैं। उनका मानना है कि साहित्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है।
अशोक धीवर का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की मिसाल माना जा रहा है। समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा भावना और निरंतर जनकल्याणकारी कार्यों को देखते हुए उन्हें “परम विभूषण सेवा रत्न सम्मान-2026” जैसे राष्ट्रीय सम्मान से भी नवाजा जा रहा है।
समाज के विभिन्न वर्गों ने अशोक धीवर को मिली इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया है।
खोज खबर छत्तीसगढ़ कलम से आएगी क्रांति

khojkhbarchhattisgarh hindi news