ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा, रायपुर।
तिल्दा थाना क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों के संचालन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने क्षेत्र के ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की बैठक ली। इस दौरान चालकों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं वाहनों का भौतिक परीक्षण भी किया गया।
बैठक में उपस्थित चालकों को यूनिक नंबर पंजीयन, यातायात नियमों के पालन, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस द्वारा चलाया जा रहा पंजीयन अभियान क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों का संपूर्ण रिकॉर्ड तैयार करने के लिए है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि कई बार यात्रियों का सामान वाहनों में छूट जाता है या किसी आपराधिक घटना में वाहन के उपयोग की शिकायत सामने आती है। ऐसी स्थिति में पंजीयन डाटा के माध्यम से संबंधित वाहन और चालक तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। इससे आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा वाहन चालकों को भी लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान सभी चालकों को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन नंबर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना वैध दस्तावेज वाहन नहीं चलाने, यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले एवं बिना पंजीयन वाहन संचालित करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तिल्दा पुलिस ने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। बैठक में बड़ी संख्या में ऑटो चालक, ई-रिक्शा चालक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news