प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन की सराहनीय पहल

तिल्दा-नेवरा, 10 जून।
माँ केवल एक परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की जननी भी होती है। एक स्वस्थ माँ ही स्वस्थ परिवार, संस्कारित पीढ़ी और सशक्त भारत के निर्माण की नींव रखती है। इसी भावना के साथ शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिल्दा-नेवरा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अभियान के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन द्वारा उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं हितग्राहियों को जूस वितरित कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित मातृत्व की कामना की गई।
कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों एवं फाउंडेशन के सदस्यों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। संस्था ने कहा कि सेवा केवल सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में विश्वास, संवेदना और मानवता को सशक्त बनाने का संकल्प है।
“पहुना रसोई” बन रही जरूरतमंदों का सहारा
पहुना सेतु वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शासकीय अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए “पहुना रसोई” सेवा अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत प्रतिदिन रात्रिकालीन भोजन के रूप में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, सलाद एवं पौष्टिक आहार मात्र 20 रुपये की सहयोग राशि में उपलब्ध कराया जाता है।
यह सेवा उपचाररत मरीजों के परिजनों के लिए राहत का माध्यम बन रही है, जो आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों के बीच अपने परिजनों की देखभाल में जुटे रहते हैं। मानवता और सेवा भाव से प्रेरित यह अभियान क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में स्थापित हो रहा है।
फाउंडेशन ने कार्यक्रम में आमंत्रित कर सेवा का अवसर प्रदान करने हेतु स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया।
संस्था का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और संवेदना पहुंचाई जाए। संस्था का विश्वास है कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनेगा, तभी एक संवेदनशील, समृद्ध और मानवीय समाज का निर्माण संभव होगा।
khojkhbarchhattisgarh hindi news