
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा।
मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गौरी गणेश कंपनी, मढ़ी बंजारी ने सड़क दुर्घटना में मृत हुए मजदूर स्वर्गीय थानेश्वर साहू (ग्राम सरफोंगा) के परिवार को आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान किया। साथ ही परिवार के एक सदस्य को कंपनी में रोजगार देने का भी आश्वासन दिया गया।
यह सहयोग छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के समन्वय एवं सहयोग से संपन्न हुआ। इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय थानेश्वर साहू की मृत्यु कंपनी परिसर के बाहर एक सड़क दुर्घटना में हुई थी। घटना कंपनी परिसर के बाहर होने के बावजूद गौरी गणेश कंपनी प्रबंधन ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर हरसंभव सहायता प्रदान की।
स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों ने कंपनी प्रबंधन के इस कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन समय में किसी परिवार का साथ देना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। वहीं, परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की घोषणा से मृतक के परिजनों को भविष्य के लिए एक नई उम्मीद मिली है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज और उद्योग जगत के बीच इसी प्रकार की संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बनी रहनी चाहिए।
khojkhbarchhattisgarh hindi news