Breaking News

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ का सम्मान

Khojkhbarchhattisgarh.com

कुमाऊँ केसरी की अनूठी पहल, देश-विदेश की हस्तियां एक मंच पर हुईं शामिल

उत्तराखंड खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

गदरपुर। दिनेशपुर रोड स्थित अशोका रिसॉर्ट में आयोजित ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ समारोह प्रतिभाओं के सम्मान, समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, मीडिया, व्यापार, कला, खेल और संस्कृति का भव्य संगम बनकर उभरा। कुमाऊँ केसरी द्वारा आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सैकड़ों प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। छोटे शहर गदरपुर में देश-विदेश की प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश, समाजसेवी लाल बादशाह, योग गुरु सोहित योगी, योगाचार्य प्रदीप योगी, स्वामी शिवानंद जी महाराज, अभिनेता वरुण सूरी, मर्चेंट नेवी के कैप्टन एवं ब्यूटफोर्ट मैरीन कंपनी के सीईओ सौरभ सारस्वत, पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर तथा व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक छाबड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में विहान संस्कृति ग्रुप ने उत्तराखंड की प्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं डांस ऐली की टीम ने पंजाबी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।

प्रदीप फुटेला बोले— सम्मान ही प्रेरणा का माध्यम

आयोजक एवं कुमाऊँ केसरी के संपादक प्रदीप फुटेला ने कहा कि ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड’ केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में चुपचाप उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को पहचान दिलाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, कला और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में योगदान देने वाले कई लोग उचित मंच नहीं पा पाते, ऐसे लोगों को सम्मानित करना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।

स्वास्थ्य, योग और समाजसेवा पर वक्ताओं ने रखे विचार

मुख्य अतिथि पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश ने स्वास्थ्य जागरूकता पर बल देते हुए आधुनिक जीवनशैली से बढ़ रही बीमारियों, विशेषकर पैंक्रियाटाइटिस (अग्नाशयशोध) के प्रति लोगों को सचेत रहने की सलाह दी।

योग गुरु सोहित योगी ने नियमित योग, प्राणायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया, जबकि योगाचार्य प्रदीप योगी ने रासायनिक युक्त खाद्य पदार्थों से बचकर सात्विक एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की अपील की।

समाजसेवी लाल बादशाह ने बताया कि उनकी संस्था अब तक 2000 रजाइयां, 1500 राशन किट, थराली बाढ़ पीड़ितों को 200 कट्टे चावल, 50 गरीब जोड़ों का विवाह तथा 15 बच्चों का निःशुल्क इलाज करवा चुकी है।

मीडिया, पर्यावरण और तकनीक पर भी हुई चर्चा

फिल्म अभिनेता वरुण सूरी ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वालों को नई पहचान देते हैं।

वर्ल्ड वाइल्ड नेचर फोटोग्राफर कमल गोस्वामी ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।

मर्चेंट नेवी कैप्टन एवं ब्यूटफोर्ट मैरीन कंपनी के सीईओ सौरभ सारस्वत ने आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए विकसित मोबाइल एप की जानकारी साझा की।

नेपाल से आए वरिष्ठ पत्रकार राज लुईटेल ने सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।

पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया, जबकि स्वामी शिवानंद जी महाराज ने सेवा, संस्कार और सकारात्मक सोच को जीवन का मूल मंत्र बताया।

इन क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में महिला सशक्तिकरण, मॉडलिंग एवं फिल्म इंडस्ट्री, खेल, पैरा स्पोर्ट्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, सोशल मीडिया, व्यापार, वन विभाग, कला, नृत्य, एंकरिंग, कोरियोग्राफी और समाजसेवा सहित अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।

महिला सशक्तिकरण के लिए एल्डा फाउंडेशन, खेल क्षेत्र में हेमचंद भट्ट, दीपक मुंजाल, अजय रावत, रेखा मेहता एवं त्सेरिंग चोएक्यि, शिक्षा में डॉ. एम.के. शर्मा, वंदना शर्मा, दीपाली सुखीजा एवं डॉ. एस.के. त्रिपाठी, कला एवं संस्कृति में शीना ठुकराल, प्रियंका अग्रवाल, आयुषी शर्मा एवं निकिता कक्कड़, स्वास्थ्य सेवा में डॉ. अंजू गिरी, डॉ. शशि बाला, एएनएम शशिबाला एवं सरिता आर्या, सोशल मीडिया में शीतल मौर्या, विजय मौर्या एवं युक्ति सैनी, तथा मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

समारोह के अंत में प्रतिभागियों ने कुमाऊँ केसरी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को नई पहचान और सम्मान प्रदान करते हैं।

About Santosh Kumar

Check Also

गौरी गणेश कंपनी मढ़ी बंजारी ने पेश की मानवता की मिसाल, मृतक मजदूर के परिवार को दी आर्थिक सहायता और नौकरी का आश्वासन

Khojkhbarchhattisgarh.com तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता तिल्दा-नेवरा।मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत …