Breaking News

बरसते पानी में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम, गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में निकली 71 किमी की विशाल कांवड़ यात्रा

Khojkhbarchhattisgarh.com

“बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के जयघोष से गूंजा आरंग क्षेत्र, सामाजिक सद्भाव और समरसता का दिया संदेश

आरंग खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

आरंग। माता कौशल्या की पुण्यधरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हजारों कांवड़ियों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं यात्रा संयोजक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हुआ। करीब 71 किलोमीटर लंबी यह यात्रा गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है।

बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बरसते पानी और कठिन राह के बावजूद न कदम थमे और न यात्रा रुकी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का जयघोष लगातार गूंजता रहा।

धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश

यात्रा संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। इसका उद्देश्य समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को समाप्त कर प्रत्येक व्यक्ति के मन में प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का भाव ही मजबूत और समरस समाज की आधारशिला है। यात्रा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।

गांव-गांव हुआ कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत

कांवड़ यात्रा के मार्ग में विभिन्न गांवों में सर्वसमाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों ने कांवड़ियों का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए स्वागत एवं सेवा की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी से यात्रा का उत्साह और बढ़ गया।

यात्रा के प्रथम दिवस में कांवड़ियों का जत्था चंदखुरी से चंदखुरी फार्म, नगपुरा, मौली माता चौक, सकरी, अमेरी, टेकारी और डीघारी मोड़ होते हुए ग्राम नारा पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया।

पंडवानी ने बांधा समां

ग्राम नारा में रात्रि विश्राम के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान दुर्गा साहू कृत पंडवानी की प्रस्तुति ने वातावरण को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रंग से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।

जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला प्रभारी रायपुर ग्रामीण सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, यात्रा संयोजक गोबिंद साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, सर्वसमाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

71 किलोमीटर की यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह और ग्रामीणों का जनसमर्थन यात्रा को विशेष बना रहा है।

About Santosh Kumar

Check Also

चाकू-धारदार हथियारों पर पुलिस की पैनी नजर, दुकानदारों को सख्त निर्देश

Khojkhbarchhattisgarh.com वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों और चाकू धार करने वालों को दिए सख्त निर्देश, सोशल मीडिया …