
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ न्यूज संवाददाता
तिल्दा-नेवरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को तिल्दा-नेवरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रसेवा, त्याग, सादगी और समर्पणपूर्ण जीवन को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय की अवधारणा के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा नेता राम पंजवानी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर सभी वर्गों के हित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और कल्याण की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को जीवन और सामाजिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद रानी सौरभ जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय विचारधारा को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाजहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर सौरभ जैन, उपाध्यक्ष भाजपा तिल्दा शहर मंडल, डॉ. एल.पी. साहू विधायक प्रतिनिधि, गोपाल साहू भाजपा महामंत्री, सुरेश लखवानी एल्डरमैन सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
khojkhbarchhattisgarh hindi news