Breaking News

दसलक्षण महापर्व की भक्ति में डूबा तिल्दा-नेवरा, तप-संयम और क्षमाभाव से गूंजा जैन समाज

Khojkhbarchhattisgarh.com

अभिषेक-शांतिधारा, पूजन-विधान और तपस्या के साथ मनाया आत्मशुद्धि का पावन पर्व, तपस्वियों की साधना की समाजजनों ने की अनुमोदना

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

तिल्दा-नेवरा। जैन धर्म के आत्मशुद्धि, संयम, तप और मोक्षमार्ग की साधना के पावन पर्व दसलक्षण महापर्व को तिल्दा-नेवरा जैन समाज ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। पर्व के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन अभिषेक, शांतिधारा, भजन-पूजन एवं विधान का आयोजन हुआ। समाजजनों ने आत्मकल्याण के साथ विश्वशांति और जीव मात्र के कल्याण की मंगलकामना की।

पर्व के दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे समाजजन एकत्रित होते थे। सुबह 7:30 बजे विधिवत अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया जाता था। इसके बाद भक्ति एवं श्रद्धा के साथ भगवान जिनेंद्र देव की पूजा-अर्चना की गई। दोपहर में आयोजित विधान में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

दस उत्तम धर्मों की आराधना

दसलक्षण महापर्व जैन धर्म के उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव, शौच, सत्य, संयम, तप, त्याग, आकिंचन्य एवं ब्रह्मचर्य इन दस उत्तम धर्मों की साधना का पर्व है। पर्व के माध्यम से मन, वचन और कर्म की शुद्धि तथा आत्मा को मोक्षमार्ग की ओर अग्रसर करने का संदेश दिया गया।

इस दौरान समाजजनों ने उपवास, तपस्या और संयम की साधना की। श्रीमती निशा (सुदेश) जैन एवं श्रीमती नेहा (सुरेंद्र) जैन ने 10 उपवास की साधना पूर्ण की, वहीं श्रीमती किरण (अशोक) नायक ने 16 कारण व्रत की साधना पूर्ण की। समाज के सदस्यों ने तपस्वियों की साधना और त्याग की अनुमोदना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

‘क्षमा वीरों का आभूषण’ का संदेश

दसलक्षण महापर्व के दौरान क्षमा, मैत्री, सद्भाव और आत्मशुद्धि का विशेष संदेश दिया गया। समाजजनों ने कहा कि यह पर्व मनुष्य को वैर, द्वेष और कटुता छोड़कर सभी जीवों के प्रति प्रेम और करुणा का भाव रखने की प्रेरणा देता है।

“शिकवे सारे मिटाकर दिल को साफ कर लेते हैं,
जो गलती कर बैठे उसे माफ कर लेते हैं।
क्षमा ही वीरों का आभूषण है,
हर बैरी को अपना बना लेते हैं।”

समाजजनों की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष गौरव जैन, मनोज जैन, महामंत्री शैलेश जैन, कोषाध्यक्ष अमित जैन सहित नरेंद्र जैन, महेंद्र कुमार जैन, मंगल जैन, राकेश जैन, राजेश जैन, प्रफुल्ल जैन, सुदेश जैन, अनिल जैन, सुरेंद्र जैन, प्रवीण जैन, मनीष जैन, नीटी जैन, सौरभ जैन, नवीन जैन, विकी जैन, रानू जैन, पप्पू जैन, राहुल जैन, निलय जैन सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

महिला मंडल से कुसुम जैन, पुष्प जैन, मीना जैन, ममता जैन, अनीता जैन, सोनल जैन, किरण जैन, रानी सौरभ जैन, मोनिका जैन, नेहा जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की।

27 सितंबर को निकलेगा धार्मिक जुलूस

जैन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 27 सितंबर 2026, रविवार को दसलक्षण महापर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक जुलूस निकाला जाएगा। समाज के पुरुष सदस्यों से सफेद वस्त्र तथा महिला सदस्यों से अपने-अपने महिला मंडल की निर्धारित साड़ी पहनकर धार्मिक गरिमा और अनुशासन के साथ जुलूस में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

दसलक्षण महापर्व के माध्यम से तिल्दा-नेवरा जैन समाज ने अहिंसा, संयम, तप, त्याग, क्षमा और आत्मशुद्धि का संदेश दिया। पर्व के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ आपसी सद्भाव, मैत्री और भाईचारे की भावना को मजबूती मिली।

About Santosh Kumar

Check Also

मां मावली मंदिर में नवरात्रि पर्व की तैयारियां पूरी, 11 अक्टूबर से होगी घट स्थापना

Khojkhbarchhattisgarh.com ज्योति कलश प्रज्ज्वलन के लिए श्रद्धालु ₹751 जमा कर करा सकेंगे पंजीयन, नौ दिनों …