सैनिक ग्राम में दिखा अद्भुत उत्साह, पारंपरिक गढ़वा बाजा धूमधाम के बीच ऐतिहासिक स्वागत

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा परिक्षेत्र के बहुचर्चित सैनिक ग्राम तुलसी (मानपुर) में रविवार को ऐसा ऐतिहासिक नज़ारा देखने को मिला, जिसे पूरे क्षेत्र के लोग बरसों याद रखेंगे। ग्राम के गौरव, माटी पुत्र सूबेदार मेजर आलोक वर्मा, जो वर्ष 1994 में भारतीय सेना में भर्ती हुए और कारगिल युद्ध, ऑपरेशन पराक्रम, जम्मू-कश्मीर में 10 वर्ष काउंटर-इंसर्जेंसी, तथा सियाचिन ग्लेशियर में 2 वर्ष जैसी सबसे चुनौतीपूर्ण जगहों पर 31 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए—उनके सम्मान में पूरा गांव उमड़ पड़ा।
भव्य स्वागत, पारंपरिक गढ़वा बाजा, आरती और पौधारोपण से कार्यक्रम की शुरुआत
आलोक वर्मा जैसे ही गांव की सीमा पर पहुंचे, प्रवेश द्वार पर उनका शानदार स्वागत किया गया। बड़ और पीपल के पौधों का रोपण कर “पर्यावरण संरक्षण” का संकल्प लिया गया। इसके बाद गढ़वा बाजा की थाप पर सैकड़ों ग्रामीणों ने उन्हें साथ लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया।
घर–घर माताओं और बहनों ने आरती उतारकर, श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।
मंचीय समारोह में 14 पूर्व सैनिकों ने किया सम्मान

बाजार चौक रंगमंच में आयोजित मुख्य समारोह में भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन के बाद प्रारंभ हुआ कार्यक्रम। पूर्व सैनिक परिषद छत्तीसगढ़ उत्थान समिति के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में अध्यक्ष जगदीश यादव सहित 14 पूर्व सैनिकों ने आलोक वर्मा का शाल, श्रीफल और मोमेंटो भेंटकर सम्मान किया।
इसके बाद उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों को भगवा गमछा और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
‘सावधान भारत’ पुस्तक का विमोचन
सेवानिवृत्त प्राचार्य व शिक्षाविद् दानीराम वर्मा की पुस्तक ‘सावधान भारत’ का विमोचन RSS के मा. प्रांत संघचालक डॉ. टोपलाल वर्मा द्वारा किया गया।
दानीराम वर्मा अब तक 13 पुस्तकों के माध्यम से अपने अनुभवों को आने वाली पीढ़ियों के लिए संजो चुके हैं।
अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं को प्रेरित किया
अपने संबोधन में आलोक वर्मा ने कारगिल युद्ध सहित अपने 31 वर्ष की सेवा के अनुभव साझा किए और युवाओं से अग्निवीर भर्ती योजना में शामिल होने का आह्वान किया।
डॉ. टोपलाल वर्मा ने कहा—
“तुलसी गांव गर्व की भूमि है, जहां से 33 वीर सैनिक और सुरक्षा बलों में सेवा दे रहे हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण, स्वदेश जागरण, सामाजिक समरसता और कर्तव्यों के पालन जैसे महत्वपूर्ण संकल्प अपनाने का आग्रह किया।
पूर्व सैनिक परिषद दे रही निःशुल्क प्रशिक्षण
पूर्व सैनिक महेश वर्मा ने बताया कि तिल्दा के रजिया गांव स्थित प्रशिक्षण केंद्र में परिषद युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण दे रही है। जल्द ही कोहका सर्वे में भी नया प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने जा रहा है।
‘गौरव ग्राम’ बनाने में लगा वर्षों का परिश्रम
दानीराम वर्मा ने कहा कि तुलसी-मानपुर को सैनिक ग्राम, खेल ग्राम, शाखा ग्राम और गौरव ग्राम बनाने में वर्षों तक कठिन परिस्थितियों से लड़ना पड़ा।
उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता जताई और नशामुक्ति की अपील की।
भव्य समापन: महाआरती और सामूहिक भोज
कार्यक्रम का समापन जगतजननी भारत माता की महाआरती, प्रसाद वितरण और सामूहिक रात्रि भोज के साथ हुआ।
मंच संचालन युवा समाजसेवी संदीप वर्मा ने किया।
विशिष्ट अतिथियों की प्रभावशाली उपस्थिति

RSS प्रांत बौद्धिक प्रमुख रमेश वर्मा, विभाग कार्यवाह बलराम यदु, प्रांत सह-प्रचार प्रसार प्रमुख नीरज वर्मा,
VHP प्रांत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रेमलता बिसेन, दुर्गावाहिनी प्रांत संयोजिका भारती सिंह,
NCRT सदस्य दिलीप केशवानी,
जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा,
नगरपालिका अध्यक्ष तिल्दा चंद्रकला वर्मा,
सरपंच ममता वर्मा, उपसरपंच इंद्राणी वर्मा,
तथा आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news