प्रेम धाम दिव्यांग आश्रम निस्वार्थ भाव से उन निर्धन, निराश्रित और बेसहारा बच्चों का जीवन संवार रहा है,

नजीबाबाद उत्तर प्रदेश ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ
नजीबाबाद।
प्रेम धाम दिव्यांग आश्रम में 76वाँ गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और मानवीय संवेदनाओं के साथ मनाया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद दिव्यांग बच्चों ने देशभक्ति गीतों व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती।

समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के संयोजक महताब ख़ान चांद ने ध्वजारोहण किया। अपने ओजस्वी संबोधन में उन्होंने कहा कि
“दिव्यांग जनों की सेवा करने से परमात्मा प्रसन्न होते हैं। यह सेवा नहीं, बल्कि एक महायज्ञ है, जिसमें आत्मा और परमात्मा दोनों तृप्त होते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रेम धाम दिव्यांग आश्रम निस्वार्थ भाव से उन निर्धन, निराश्रित और बेसहारा बच्चों का जीवन संवार रहा है, जिनका कोई नहीं होता। यह आश्रम उनके लिए परिवार बनकर सहारा दे रहा है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि
“हम अपने पारिवारिक आयोजनों की खुशियाँ इन बच्चों के साथ बाँटें — यही सच्ची आज़ादी, सच्ची मानवता और सच्चा धर्म है।”

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि दृष्टिहीनता या शारीरिक अक्षमता भी हौसलों को नहीं रोक सकती।

समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फादर शिबबू, फादर लिन्टो, सिस्टर अनसिया, सिस्टर रीना, सिस्टर जैसी दिव्या सहित प्रेम धाम आश्रम के स्वयंसेवक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


khojkhbarchhattisgarh hindi news