
तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता


तिल्दा नेवरा। 31 जनवरी
तिल्दा नेवरा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हज़रत सैय्यद शहीद गुफरानुद्दीन शाह रहमतुल्ला अलैह का उर्स पाक पूरे अदब, अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया जा रहा है। उर्स का शुभारंभ 30 जनवरी (शुक्रवार) को हुआ, जो 31 जनवरी (शनिवार) तक चलेगा। इस मुबारक अवसर पर पूरे क्षेत्र में रूहानियत, भाईचारे और सूफियाना परंपरा का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया। मजार शरीफ पर चादरपोशी, फातिहा और दुआओं का सिलसिला दिनभर चलता रहा। उर्स का मुख्य आकर्षण शमा महफिल रही, जिसमें दूर-दराज़ से आए अकीदतमंदों ने शिरकत की। सूफियाना कलाम ने पूरे माहौल को रूहानी रंग में रंग दिया।
आयोजकों ने बताया कि उर्स के दौरान बाहर से आने वाले जायरीनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां सभी धर्मों और समाज के लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था उपलब्ध है।

उर्स में तिल्दा नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों और जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे। यह उर्स आपसी भाईचारे, इंसानियत और मोहब्बत का पैग़ाम देता है, जहां हर मजहब और तबके के लोग एक साथ बैठकर अमन-चैन, खुशहाली और देश-दुनिया की सलामती के लिए दुआ करते हैं।

आयोजकों का कहना है कि हज़रत सैय्यद शहीद गुफरानुद्दीन शाह रहमतुल्ला अलैह का उर्स पाक केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का सशक्त प्रतीक है। उर्स के इन पावन दिनों में पूरा क्षेत्र आस्था, श्रद्धा और सूफियाना खुशबू से सराबोर नजर आ रहा है।

khojkhbarchhattisgarh hindi news