
ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा : अडानी पॉवर प्लांट रायखेड़ा, में कार्यरत मजदूरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी है। 16 सूत्रीय मांगों को लेकर मजदूर संगठन एटक (AITUC) के बैनर तले आंदोलन कर रहे श्रमिकों से अब तक न तो प्लांट प्रबंधन ने और न ही शासन-प्रशासन के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने संवाद करना उचित समझा है।
मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी जायज़ मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। बार-बार ज्ञापन और मांग पत्र सौंपे जाने के बावजूद प्रबंधन की उदासीनता ने श्रमिकों को आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया। स्थिति यह है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी किसी स्तर पर वार्ता की पहल नहीं हुई, जिससे मजदूरों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

हड़ताल के दौरान रविवार को करीब 1600 मजदूरों ने अपने परिवारजनों के साथ विशाल रैली निकालकर तीन किलोमीटर पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए मजदूरों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक उनकी 16 सूत्रीय मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक बेमुद्दत हड़ताल जारी रहेगी।

मजदूर नेताओं का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्लांट प्रबंधन और प्रशासन की होगी। वहीं, शासन-प्रशासन की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल अडानी पॉवर प्लांट रायखेड़ा में उत्पादन और कार्य व्यवस्था पर हड़ताल का असर साफ नजर आने लगा है, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन की चुप्पी मजदूरों की नाराजगी को और बढ़ा रही है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news